
देहरादून। नगर निगम देहरादून की चतुर्थ बोर्ड बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान किन्नरों द्वारा मांगी जाने वाली बधाई राशि को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। अब अधिकतम ₹5,100 से ज्यादा की धनराशि मांगने पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मियों) का मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
हंगामे के बीच हुई बैठक
बुधवार को आयोजित बोर्ड बैठक में कुल 65 प्रस्तावों पर चर्चा होनी थी, लेकिन हंगामे के कारण सभी प्रस्तावों पर चर्चा पूरी नहीं हो सकी। बैठक के दौरान भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक और बहस देखने को मिली।
चर्चा अधूरी रहने के कारण शेष प्रस्तावों पर विचार के लिए बैठक गुरुवार सुबह 11 बजे से दोबारा आयोजित की जाएगी।
सफाई कर्मियों का बढ़ा मानदेय
बैठक में नगर निगम के सफाई कर्मियों का मानदेय ₹500 से बढ़ाकर ₹800 प्रतिदिन करने का प्रस्ताव पास किया गया। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड में पर्यावरण मित्रों का समान वितरण सुनिश्चित करने की घोषणा भी की गई।
किन्नरों की बधाई राशि पर लंबी चर्चा
कई पार्षदों ने किन्नरों द्वारा मनमानी धनराशि वसूलने का मुद्दा उठाया। इस पर काफी देर तक चर्चा के बाद बोर्ड ने निर्णय लिया कि अधिकतम ₹5,100 की बधाई राशि ही दी जाएगी।
गौरतलब है कि यह प्रस्ताव पिछली बोर्ड बैठक में भी रखा गया था, लेकिन तब इसे मंजूरी नहीं मिल पाई थी। अब निर्णय के बाद किन्नर समाज की प्रतिक्रिया क्या होगी, इस पर भी नजर रहेगी।
मेयर ने क्या कहा?
देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि चौथी बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई और आवश्यक निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि किन्नरों की बधाई राशि को लेकर प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया है। साथ ही अधिवेशन की शेष कार्यवाही गुरुवार को जारी रहेगी।



