अपराधउत्तराखंडदेहरादून

देर रात प्रेमनगर में लूट, पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश ढेर; थाना प्रभारी नरेश राठौड़ घायल

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में बीती देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी प्रेमनगर नरेश राठौड़ गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

क्या है पूरा मामला?

थाना प्रेमनगर को कंट्रोल रूम/एमडीटी के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने पुलिस को जानकारी दी कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे लूटपाट की और गोली मारकर विश्रांति की ओर फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार बदमाश उसके नीले रंग के बैग में रखे करीब दो लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी व अन्य जरूरी कागजात लूटकर ले गए।

पुलिस की कार्रवाई और मुठभेड़

प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने घायल को साथ लेकर बताए गए मार्ग पर बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में काले रंग की संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने पीछा किया तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गए।

पीछा करने पर बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की। इस दौरान एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौड़ को लग गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

अस्पताल में मौत

घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और थाना प्रभारी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। घायल बदमाश को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके व अस्पताल पहुंचे। पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों और सभी बैरियरों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

फरार बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button