हरिद्वार में पूर्व मेयर अनीता शर्मा के होटल पर जीएसटी की छापेमारी, दस्तावेज खंगाल रही टीम

हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल अशोका में मंगलवार को जीएसटी विभाग की टीम ने छापेमारी की। होटल का संचालन पूर्व मेयर अनीता शर्मा के पति अशोक शर्मा द्वारा किया जाता है। जीएसटी विभाग की टीम होटल से जुड़े दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को जीएसटी विभाग की टीम होटल अशोका पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की। टीम होटल से संबंधित कागजात और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है। कार्रवाई के दौरान होटल में मौजूद कर्मचारियों और संचालकों से भी आवश्यक जानकारी ली जा रही है। अशोक शर्मा भी कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद हैं।
अशोक शर्मा कांग्रेस में सक्रिय हैं और विधानसभा चुनाव के दावेदार माने जाते हैं। हालांकि, जीएसटी विभाग की ओर से फिलहाल कार्रवाई के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
विभागीय टीम दस्तावेजों की जांच पूरी करने के बाद ही जांच में सामने आए तथ्यों और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट कर सकती है। फिलहाल होटल में जीएसटी विभाग की कार्रवाई जारी है।



