देहरादून कैफे फायरिंग कांड का खुलासा, डेढ़ लाख के लेनदेन के विवाद में चली थी गोली, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में कैफे के बाहर हुई फायरिंग की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि फायरिंग की वारदात डेढ़ लाख रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते हुई थी।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को सन्नी चौधरी निवासी रामनगर मकदूमपुर, झबरेड़ा (हरिद्वार) ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि स्वास्तिक कैफे, दून मेडिकल कॉलेज के निकट शुभम और युवराज ने उस पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग की। शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में बीएनएस की धारा 109(1) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश और सुरागरसी के बाद पुलिस ने 21 जुलाई को चंद्रबनी चौक से चंद्रबनी जाने वाले मार्ग से मुख्य आरोपी शुभम पंवार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम पंवार (27 वर्ष) पुत्र रविंद्र पंवार, निवासी ग्राम डेलना, थाना झबरेड़ा, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और शिकायतकर्ता सन्नी चौधरी का करीब डेढ़ लाख रुपये का लेनदेन था। दोनों पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन पैसों के विवाद के कारण उनके संबंध खराब हो गए थे। आरोपी के मुताबिक, वह कई बार विवाद खत्म करने के लिए सन्नी से मिलने की कोशिश कर चुका था, लेकिन वह मुलाकात से बच रहा था।
घटना वाली रात आरोपी को जानकारी मिली कि सन्नी दून मेडिकल कॉलेज के पास एक पीजी हॉस्टल के निकट मौजूद है। इसके बाद वह वहां पहुंचा। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिस पर आरोपी ने अपने पास मौजूद पिस्टल से फायर कर दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के कारण गोली शिकायतकर्ता को नहीं लगी और आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले में अन्य नामजद आरोपी की तलाश भी जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



