शुद्धीकरण विवाद के विरोध में कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास कूच, तैयारियों को दिया अंतिम रूप

देहरादून: उत्तराखंड में शुद्धीकरण विवाद को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। सोमवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार के कार्यालय में कांग्रेसजनों की बैठक हुई। बैठक में कूच को सफल बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
प्रदेश कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। कांग्रेस जनहित, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोमवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास कूच केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, संविधान और सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धीकरण मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही इसे जायज ठहराने वालों पर कार्रवाई को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी सवाल उठाए।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि संविधान का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री आवास कूच को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
बैठक में पार्षदों के साथ कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



