उत्तराखंड

पथरेश्वर महादेव मंदिर डबल मर्डर केस का खुलासा, मुख्य पुजारी समेत तीन गिरफ्तार; ब्लैकमेलिंग बनी हत्या की वजह

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मंदिर के मुख्य पुजारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस के मुताबिक, अवैध संबंधों को लेकर कथित ब्लैकमेलिंग इस दोहरे हत्याकांड की मुख्य वजह सामने आई है।

 

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुर उर्फ अखिल गिरी, आशु सैनी और राममिलन के रूप में हुई है। मामले का चौथा आरोपी उत्तम गिरी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

 

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई गन्ना काटने वाली पाठल (धारदार हथियार) और शवों को दफनाने के लिए इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है।

 

सेवादार की सूचना से खुला राज

 

एसएसपी ने बताया कि 21 जुलाई को मंदिर के सेवादार उत्तम झा ने दूसरे सेवादार पंकज को साधु पारस गिरी और सेवा गिरी के लापता होने की जानकारी दी थी। तहरीर में यह भी बताया गया कि उसने रात में मंदिर के पास जंगल में उत्तम गिरी और आशु को गड्ढा खोदते देखा था।

 

सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गड्ढे की खुदाई कराई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।

 

शराब पार्टी के बाद रची गई साजिश

 

जांच में सामने आया कि 18 जुलाई की रात पारस गिरी, सेवा गिरी, मुख्य पुजारी अखिल गिरी, उत्तम गिरी, आशु और राममिलन ने मंदिर परिसर में बैठकर शराब पी थी। उसी रात दोनों साधुओं की हत्या की साजिश रची गई।

 

ब्लैकमेलिंग बनी हत्या की वजह

 

पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य पुजारी अखिल गिरी और उत्तम गिरी के बीच कथित अवैध संबंध थे। इसकी जानकारी मृतक साधु पारस गिरी को हो गई थी। इसके बाद पारस गिरी और सेवा गिरी कथित तौर पर अखिल गिरी को ब्लैकमेल करने लगे। पुलिस के अनुसार, दोनों मंदिर की गद्दी हासिल करना चाहते थे और इसी विवाद ने हत्या की साजिश को जन्म दिया।

 

सीसीटीवी बंद कर गला रेता

 

पुलिस के मुताबिक, वारदात की रात आरोपियों ने पहले मंदिर के सीसीटीवी कैमरे बंद किए। इसके बाद सेवा गिरी की हॉल में और पारस गिरी की बाथरूम में गन्ना काटने वाली पाठल से गला रेतकर हत्या कर दी।

 

हत्या के बाद चारों आरोपियों ने मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दोनों शवों को दफना दिया। हॉल में फैले खून के निशान साफ किए और खून से सना गद्दा जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

 

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने काठा पीर जंगल क्षेत्र से अखिल गिरी, आशु और राममिलन को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी उत्तम गिरी की तलाश जारी है।

 

गिरफ्तार आरोपी:

 

अंकुर उर्फ अखिल गिरी (42 वर्ष), मुख्य पुजारी, पथरेश्वर महादेव मंदिर

 

आशु सैनी (37 वर्ष), निवासी इस्माइलपुर, थाना लक्सर, हरिद्वार

 

राममिलन (38 वर्ष), मूल निवासी उत्तरकाशी, वर्तमान पता करनाल, हरियाणा

 

 

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button