उत्तराखंड

केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से महिला यात्री की मौत, दिनभर रोकी गई यात्रा; छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में मानसून की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को भारी बारिश के बीच केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से महाराष्ट्र की एक महिला यात्री की मौत हो गई। हादसे के बाद सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने केदारनाथ यात्रा को दिनभर रोक दिया। इस दौरान सैकड़ों यात्रियों को अलग-अलग स्थानों पर रोकना पड़ा।

रविवार को पुलिस ने सुबह 11 बजे के बाद सोनप्रयाग और गौरीकुंड से यात्रियों की आवाजाही रोक दी। इससे पहले चार हजार से अधिक यात्री केदारनाथ के लिए रवाना हो चुके थे, जबकि करीब 2500 यात्री केदारनाथ से वापस लौट चुके थे। पैदल मार्ग पर आवाजाही कर रहे यात्रियों को पुलिस, एसडीआरएफ, वाईएमएफ और डीडीआरएफ के जवानों की मौजूदगी में सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाया गया।

दिनभर बारिश के चलते यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें सोनप्रयाग से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। कोतवाली प्रभारी सोनप्रयाग सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि चीरबासा और अन्य स्थानों पर पत्थर गिरते रहे। परिस्थितियां सामान्य होने पर यात्रियों की आवाजाही शुरू कराई जाएगी।

पत्थर की चपेट में आने से महिला यात्री की मौत

गौरीकुंड से केदारनाथ जा रहे महाराष्ट्र के यात्रियों के चीरबासा के पास पहुंचने के दौरान पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। इसी दौरान एक महिला यात्री इसकी चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम के अनुसार मृतका की पहचान 60 वर्षीय मंगल अपाराव सिंधे पत्नी अपाराव सिंधे, निवासी निम गांव, जिला सोलापुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

आज छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

उत्तराखंड में सोमवार को मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने छह जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और चमोली शामिल हैं। बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने लोगों से बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

बदरीनाथ-हेमकुंड की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

गढ़वाल में जारी बारिश के बीच रविवार को बदरीनाथ और हेमकुंड की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। बदरीनाथ धाम के नर-नारायण और नीलकंठ पर्वत हिमाच्छादित हो गए। इसके अलावा हेमकुंड साहिब की पहाड़ियों, फूलों की घाटी, चिनाप वैली, सोना शिखर और वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क के कुंठखाल व टिपरा खरक की ऊंची पहाड़ियों पर इस साल की पहली बर्फबारी हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button