नाबालिग से दुष्कर्म मामले के बाद ऋषिकेश के होटल पर बड़ी कार्रवाई, MDDA ने किया सील

ऋषिकेश: रेलवे रोड स्थित एक होटल में किए गए कथित अनधिकृत निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए निर्माण को सील कर दिया है। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने संयुक्त सचिव के आदेश पर 5 सितंबर 2026 को यह कार्रवाई की। सीलिंग के दौरान एई अभिषेक भारद्वाज, जेई पूनम सकलानी और जेई जयदीप राणा समेत संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
यह वही होटल है, जहां 29 अगस्त 2026 को एक 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। 30 अगस्त को पीड़िता के पिता की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 31 अगस्त को मुजफ्फरनगर निवासी 21 वर्षीय सोफियान को हरिद्वार के सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान होटल प्रबंधन की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, नाबालिग को बिना वैध पहचान पत्र और बिना वेरिफिकेशन के होटल में प्रवेश दिया गया था। इसके बाद होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और होटल मालिक राहुल अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 29 अगस्त को पुराने रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल में हुई थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर होटल में ले गया, जहां उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से पीड़िता के फोटो और वीडियो बरामद होने की बात भी पुलिस ने कही थी।
पुलिस जांच में होटल प्रबंधन पर आरोप लगा कि नाबालिग को बिना पहचान पत्र और बिना रजिस्टर में एंट्री के होटल में प्रवेश दिया गया। साथ ही घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस को सूचना नहीं देने और नाबालिग को बाहर ले जाने के दौरान होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद करने के आरोप भी सामने आए। इन्हीं आरोपों के आधार पर होटल मैनेजर और संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मामले में BNS और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। होटल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई थी। इसी क्रम में अब अनधिकृत निर्माण के मामले में MDDA की ओर से होटल को सील किया गया है।
हालांकि, होटल का नक्शा आरोपी राहुल अग्रवाल के पिता के नाम पर पास हुआ बताया गया है। अब कथित अनधिकृत निर्माण को लेकर हुई सीलिंग कार्रवाई के बाद होटल एक बार फिर चर्चा में है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद होटल के संचालन और भवन से जुड़े अन्य पहलुओं पर संबंधित विभागों की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।



