उत्तराखंड

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड को बड़ी जिम्मेदारी, तीरथ सिंह रावत समेत चार नेताओं को मिली जगह

देहरादून। विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नितिन नवीन की अगुवाई में घोषित 65 सदस्यीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली है।

भाजपा की नई टीम में कुल आठ राष्ट्रीय महासचिव, 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 16 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा संगठन और अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के लिए भी नेताओं को नई भूमिका दी गई है।

उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत के अलावा महेंद्र पांडे, अनिल बलूनी और आलोक भट्ट को राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री, अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह संयोजक बनाया गया है।

नई टीम में कई दिग्गज नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को राष्ट्रीय महासचिव पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं, बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।

राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में राम माधव, डी. पुरंदेश्वरी और तीरथ सिंह रावत समेत 13 नेताओं को शामिल किया गया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, बैजयंत पांडा और रेखा वर्मा को भी इस पद पर बरकरार रखा गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

भाजपा ने 16 राष्ट्रीय सचिवों की भी नियुक्ति की है। इनमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश नजर आ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button