उत्तराखंड

देहरादून में H1N1 के 7 और डेंगू के 2 नए मरीज मिले, संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ा

देहरादून। मौसम में बदलाव के बीच इन्फ्लुएंजा H1N1 संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। रविवार को जिले में जांचे गए 58 सैंपल में सात लोगों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक H1N1 के 2,169 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें 648 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 606 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 40 मरीज सक्रिय हैं। दो मरीजों की मृत्यु हुई है, जिनका डेथ ऑडिट किया जा चुका है।

कुल 648 संक्रमितों में 346 पुरुष और 302 महिलाएं शामिल हैं। 41 से 50 वर्ष और 71 से 80 वर्ष आयु वर्ग में भी H1N1 के मामले सामने आए हैं। वहीं, रविवार को कोविड जांच में कोई नया संक्रमित नहीं मिला। अब तक कोविड के 1,095 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 57 मरीज संक्रमित पाए गए थे। इनमें से 56 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

इधर, देहरादून में डेंगू के भी दो नए मरीज मिले हैं। रविवार को 167 सैंपल की जांच में दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में डेंगू संक्रमितों की संख्या बढ़कर 222 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 34,371 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें देहरादून के 109 और अन्य जिलों के 113 मरीज शामिल हैं। अब तक 203 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 19 मरीज अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं।

डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर सर्वे और लार्वा जांच का अभियान जारी है। रविवार को आशा कार्यकर्ताओं और वालंटियरों के माध्यम से 6,593 घरों का सर्वे किया गया। इस दौरान 47,274 कंटेनरों की जांच की गई। इनमें 98 कंटेनरों और 80 घरों में मच्छर का लार्वा पाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button