उत्तराखंड

स्वतंत्रता दिवस पर देहरादून में बदलेगा ट्रैफिक प्लान, परेड ग्राउंड के आसपास जीरो-जोन; जानें रूट और पार्किंग व्यवस्था

देहरादून: 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर देहरादून पुलिस ने यातायात और पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था जारी की है। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर वाहनों, ठेलियों और रेहड़ियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परेड के दौरान पूरा क्षेत्र जीरो-जोन रहेगा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

VIP और पासधारकों के लिए अलग प्रवेश

वीआईपी और अधिकारी ईसी रोड से सर्वे चौक, रोजगार तिराहा होते हुए कन्वेंट तिराहे की ओर जाएंगे और दाहिनी ओर स्थित वीवीआईपी द्वार यानी मुख्य गेट नंबर-1 से कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करेंगे।

पासधारक वाहनों को सीमित संख्या में प्रवेश की अनुमति होगी।

इन जगहों पर होगी पार्किंग

स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने वाले प्रतिभागियों, पुलिस, होमगार्ड, प्रेस और आम दर्शकों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।

रेंजर्स ग्राउंड: धर्मपुर, दर्शनलाल चौक और दून चौक की ओर से आने वाले वाहन।

मंगला देवी इंटर कॉलेज ग्राउंड: सर्वे चौक की ओर से आने वाले वाहन।

दून क्लब, सर्वे चौक के पास: निर्धारित श्रेणी के वाहन।

सेंट जोसेफ स्कूल, सुभाष रोड: राजपुर रोड की ओर से आने वाले दर्शकों के वाहन सड़क किनारे वन-साइड पार्किंग में।

लॉर्ड वेंकटेश वेडिंग प्वाइंट: निर्धारित पार्किंग व्यवस्था के तहत वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

वीआईपी और अधिकारियों के वाहन मंच के पीछे तथा खेल मैदान में पार्क किए जाएंगे।

परेड ग्राउंड के आसपास बैरियर व्यवस्था

यातायात को नियंत्रित करने के लिए आउटर और इनर बैरियर प्वाइंट बनाए जाएंगे।

आउटर बैरियर:

ईसी रोड सर्वे चौक, मनोज क्लिनिक, बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक, ओरिएंट चौक और पैसिफिक तिराहा।

इनर बैरियर:

रोजगार तिराहा, कनक चौक, डूंगा हाउस, लैंसडाउन चौक और कन्वेंट तिराहा।

इनर प्वाइंट से वीवीआईपी और पासधारक वाहनों को छोड़कर किसी भी वाहन को परेड ग्राउंड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

विक्रमों के रूट में भी बदलाव

स्वतंत्रता दिवस के दौरान विभिन्न रूटों के विक्रमों को निर्धारित स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा।

रूट नंबर-2 (रायपुर): सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस भेजे जाएंगे।

रूट नंबर-3 (धर्मपुर): तहसील चौक से दून चौक और एमकेपी चौक की ओर भेजे जाएंगे।

रूट नंबर-5 (आईएसबीटी) और रूट नंबर-8 (कांवली): रेलवे गेट से वापस भेजे जाएंगे।

प्रेमनगर रूट: प्रभात कट से वापस भेजे जाएंगे।

राजपुर रूट: ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, बैनी बाजार होते हुए राजपुर रोड की ओर भेजे जाएंगे।

सिटी बसों के लिए भी डायवर्जन

आईएसबीटी से राजपुर रोड: बसें दर्शनलाल चौक से घंटाघर होते हुए राजपुर रोड की ओर जाएंगी।

रिस्पना की ओर से आने वाली बसें: तहसील चौक से दून चौक, एमकेपी चौक और आराघर की ओर डायवर्ट की जाएंगी।

रायपुर रोड से आने वाली बसें: सहस्रधारा क्रॉसिंग से सहस्रधारा रोड, आईटी पार्क, राजपुर रोड और घंटाघर की ओर भेजी जाएंगी।

सड़क पर वाहन पार्क न करने की अपील

देहरादून पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अपने वाहन सड़क पर पार्क न करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल किया जाए और रूट डायवर्जन का पालन किया जाए।

पुलिस ने लोगों से संभव हो तो दुपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने और वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य तक पहुंचने की अपील की है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button