जल संस्थान के उपनल कर्मचारियों को समान वेतन के लिए देनी होगी विभागीय परीक्षा, आदेश से कर्मचारियों में नाराजगी

देहरादून: उत्तराखंड जल संस्थान में कार्यरत उपनल कर्मचारियों को ‘समान काम के समान वेतन’ का लाभ पाने के लिए अब विभागीय परीक्षा भी देनी होगी। जल संस्थान प्रबंधन ने मंगलवार को समान वेतन संबंधी आदेश जारी कर दिया, लेकिन इसके साथ कर्मचारियों के लिए विभागीय परीक्षा की शर्त भी जोड़ दी है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों में नाराजगी और असमंजस की स्थिति बन गई है।
मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) डीके सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिस पद पर कर्मचारी तैनात हैं, उन्हें एक महीने के भीतर उसी पद की योग्यता के अनुरूप विभागीय परीक्षा देनी होगी। परीक्षा के परिणाम के आधार पर ही कर्मचारियों के संबंध में आगे का निर्णय लिया जाएगा।
150 से अधिक कर्मचारी होंगे प्रभावित
जल संस्थान में उपनल के माध्यम से करीब 150 कर्मचारी विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं। इनमें डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टेनो और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं। आदेश के मुताबिक डाटा एंट्री ऑपरेटरों को कंप्यूटर टाइपिंग, जबकि स्टेनो कर्मचारियों को टाइपिंग के साथ शॉर्टहैंड परीक्षा भी पास करनी होगी।
इस शर्त के सामने आने के बाद सबसे अधिक चिंता स्टेनो कर्मचारियों में देखी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से सेवा देने के बावजूद अब परीक्षा की अनिवार्यता उनके भविष्य को लेकर नई चिंता पैदा कर रही है।
कर्मचारियों ने जताया विरोध
उत्तराखंड जल संस्थान अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने इस आदेश का विरोध किया है। मोर्चा के मुख्य संयोजक नंदलाल जोशी ने कहा कि कार्मिक विभाग के शासनादेश में कहीं भी विभागीय परीक्षा का उल्लेख नहीं है। उनका कहना है कि 20 वर्षों से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को परीक्षा के नाम पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सीजीएम बोले- शासन के निर्देशों के अनुसार लिया गया फैसला
जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक डीके सिंह ने स्पष्ट किया कि उपनल कर्मचारियों को समान काम के समान वेतन देने का आदेश शासन के निर्देशों के अनुरूप जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों के तहत कर्मचारियों को एक महीने बाद विभागीय परीक्षा देना अनिवार्य होगा।
यूपीसीएल के उपनल कर्मचारियों को भी मिलेगा समान वेतन
इधर, उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के उपनल कर्मचारियों के लिए भी राहत की खबर है। मंगलवार को यूपीसीएल की नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति की बैठक में समान काम के समान वेतन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। अब इस प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए यूपीसीएल बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा।
इसके अलावा आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों का मानदेय 4,500 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये करने को भी समिति ने मंजूरी दे दी है।



