उत्तराखंड

उत्तराखंड में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद; CM धामी ने की सतर्क रहने की अपील

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून और बागेश्वर जिले के लिए बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दोनों जिलों में कहीं-कहीं तेज से अति तीव्र वर्षा होने की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए दोनों जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ भूस्खलन, वज्रपात और अचानक जलभराव की आशंका जताई गई है।

 

10 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार

 

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि 10 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की गई है।

 

देहरादून और बागेश्वर में स्कूल बंद

 

भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने देहरादून और बागेश्वर में बुधवार को सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।

 

मुख्यमंत्री धामी ने की विशेष अपील

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों, पर्यटकों और चारधाम यात्रियों से मौसम को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही SDRF, NDRF और सभी जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

 

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें, अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और नदी-नालों व संवेदनशील क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button