रिहायशी इलाके में स्कॉर्पियो से खतरनाक स्टंट, सेलाकुई पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

देहरादून: रिहायशी इलाकों में हुड़दंग और सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सेलाकुई पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने भागीरथी एनक्लेव में स्कॉर्पियो कार से स्टंटबाजी करने और स्थानीय लोगों से अभद्रता करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। स्टंटबाजी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की देर रात थाना सेलाकुई को सूचना मिली कि भागीरथी एनक्लेव में कपिल मेडिकल हॉल के सामने वाली गली में एक व्यक्ति स्कॉर्पियो कार संख्या HR 05 BS 2726 को बेहद अनियंत्रित और खतरनाक तरीके से चलाते हुए स्टंट कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने जब चालक को स्टंटबाजी करने से रोका और समझाने का प्रयास किया तो आरोप है कि वह गाली-गलौज करने लगा और लड़ाई-झगड़े पर आमादा हो गया। सूचना मिलने पर सेलाकुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के मौके पर पहुंचने के दौरान स्थानीय लोगों ने कार को रोक रखा था। आरोपी चालक नीरज लोगों के साथ बहसबाजी और हंगामा कर रहा था। पुलिस के अनुसार, इस तरह की स्टंटबाजी से इलाके में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी और स्थानीय लोगों में भी आक्रोश था।
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज (23) पुत्र राजेंद्र सिंह, मूल निवासी चोरगारसा, करनाल, हरियाणा और हाल निवासी झाझरा, प्रेमनगर, देहरादून के रूप में हुई है।



