उत्तराखंड

हरिद्वार में युवक को मारने पहुंचे हमलावरों ने चलाई गोली, बीच में आई युवती को लगी; एम्स रेफर

हरिद्वार: शहर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर में शुक्रवार देर रात एक युवक को निशाना बनाने पहुंचे हमलावरों द्वारा गोली चलाने का मामला सामने आया है। फायरिंग के दौरान युवक के साथ रह रही युवती गोली की चपेट में आ गई। गोली युवती के बाजू में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रेफर कर दिया गया।

घायल युवती राजीव नगर की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, युवती हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट का काम करती है। वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस के अनुसार अंश के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात कुछ युवक अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे थे। आरोप है कि हमलावरों ने अंश पर गोली चलाई। इसी दौरान युवती बीच में आ गई और गोली उसे लग गई। फायरिंग की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। युवती की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स रेफर कर दिया।

सीओ सिटी सिसुपाल सिंह नेगी ने बताया कि झगड़े के दौरान गोली चलने से युवती घायल हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button