हरीश रावत ने मां की सौगंध खाकर कहा- नौकरी के बदले कभी पैसा नहीं लिया, चाय-पानी तक नहीं पिया

देहरादून: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा की है। उन्होंने अपनी मां की सौगंध खाते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी को नौकरी देने के बदले एक पैसा लेना तो दूर, उससे चाय-पानी तक नहीं पिया। रावत ने कहा कि उनके खिलाफ नियोजित तरीके से कलंक लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
हरीश रावत ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनकी तीन माताएं हैं—जगत जननी, देवी भवानी और धरती मां उत्तराखंड। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। रावत के मुताबिक कुछ सोशल मीडिया पोस्ट और अखबारों के माध्यम से उनके खिलाफ अभियान चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में काम-धंधों के लिए हजारों लोगों की सिफारिशें की हैं। उनके अनुसार, लोगों ने भी उनकी मदद की है और आज भी मदद कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने नौकरी या किसी लाभ के बदले किसी से पैसा नहीं लिया।
रावत ने अपनी पोस्ट में वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान अपने खिलाफ चले कथित प्रचार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले उन पर जुमे की नमाज की छुट्टी किए जाने और बाद में मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने के वादे का आरोप लगाकर प्रचार किया गया, लेकिन उनके अनुसार इन दावों का कोई साक्ष्य सामने नहीं आया।
उन्होंने कहा कि वह अपने ऊपर लगाए जा रहे इस कथित कलंक के साथ नहीं मरना चाहते। रावत ने मां की सौगंध लेते हुए कहा कि यदि उन्होंने किसी चीज के बदले पैसा लिया हो तो उन्हें श्राप दिया जाए कि उन्होंने अपनी मां के दूध को लज्जित करने का काम किया है। उन्होंने जगदंबा से भी प्रार्थना की कि जब तक वह इस कलंक को नहीं धो देते, तब तक उनकी सांसें चलती रहें।
अपने पूर्व ओएसडी रहे चंदन सिंह जीना का जिक्र करते हुए रावत ने कहा कि जीना ने लंबे समय तक छाया की तरह उनके साथ सेवा की। उन्होंने कहा कि जीना की जीवन भर की कमाई सीज होने से उन्हें उनके बच्चों की आजीविका और पढ़ाई की चिंता है। रावत ने कहा कि उनके पास भी इतने साधन नहीं हैं कि वह अपने घर का खर्च आसानी से उठा सकें और ऐसे में यह चिंता और बढ़ गई है कि चंदन अपने बच्चों की आजीविका कैसे चलाएगा।
रावत ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी किसी को राजनीतिक पद दिए जाने के बदले एक भी पैसा नहीं लिया। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि वह अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों के जवाब में अपनी बात लोगों के बीच जाकर रखना चाहते हैं और सच के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।



