उत्तराखंड

हरिद्वार में रेलवे की 10 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाया, 50 से अधिक झुग्गियां ध्वस्त

हरिद्वार: आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले की तैयारियों के बीच हरिद्वार में प्रशासन ने रेलवे की करीब 10 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट हरि गिरी के नेतृत्व में रेलवे, जिला प्रशासन, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक अवैध झुग्गी-झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार रेलवे लाइन के निकट स्थित भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। प्रशासन की ओर से पहले ही कब्जाधारकों को नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू करने से पहले लोगों को अपना सामान हटाने के लिए दो घंटे का समय दिया गया।

निर्धारित समय समाप्त होने के बाद जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया और अधिकारियों के साथ हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कर ली गई।

अभियान के दौरान झुग्गियों से बिजली की तारें, कूलर, पंखे और अन्य घरेलू सामान बरामद हुआ। अधिकारियों का कहना है कि इससे स्पष्ट होता है कि अतिक्रमणकारियों को लंबे समय से सुविधाएं उपलब्ध थीं। कुछ लोगों ने दावा किया कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे हैं और उनके वोट भी बने हुए हैं, हालांकि वोटर आईडी दिखाने के लिए कहे जाने पर उन्होंने कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया।

कार्रवाई के दौरान एक झुग्गी अचानक गिर गई, जिससे तीन से चार पुलिसकर्मी और रेलवे कर्मचारी उसके नीचे दब गए। गनीमत रही कि झुग्गी बांस की बनी होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।

सिटी मजिस्ट्रेट हरि गिरी ने बताया कि कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले को देखते हुए शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित लोगों को पहले ही पर्याप्त समय और नोटिस दिया गया था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।

उन्होंने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button