उत्तराखंड

नाइट ड्यूटी के बाद खाई में गिरा वाहन, शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की दर्दनाक मौत

ऋषिकेश: टिहरी जिले के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा सोमवार रात अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। मंगलवार सुबह ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने निजी वाहन से शिवपुरी चौकी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे का कारण वाहन चलाते समय नींद की झपकी आना माना जा रहा है।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई और घायल अवस्था में विनोद शर्मा को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मुनि की रेती थाना के उपनिरीक्षक योगेश पाण्डेय ने बताया कि चौकी प्रभारी नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने निजी वाहन से शिवपुरी लौट रहे थे। रास्ते में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

 

विनोद शर्मा अपने कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार और कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे क्षेत्र में इस दुखद घटना को लेकर शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button