उत्तराखंड

क्लेमेंटटाउन में महिला की हत्या का खुलासा, पति गिरफ्तार

देहरादून: क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में 21 सितंबर को हुई महिला काजल की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति धीरज पंवार उर्फ लल्लू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी से पिछले करीब एक साल से चल रहे विवाद और उसके तलाक की तैयारी किए जाने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने हत्या की योजना बनाई थी।

21 सितंबर की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि धीरज की अपनी पत्नी काजल से हाथापाई हुई और गोली लगने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर क्लेमेंटटाउन पुलिस मौके पर पहुंची तो काजल बिस्तर पर मृत पड़ी थी। उसके सिर और पेट पर गोली के निशान थे। घटना के बाद धीरज मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

एसएसपी के निर्देश पर थाना क्लेमेंटटाउन और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, धीरज का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था और घटना के बाद उसने मोबाइल भी बंद कर दिया था। सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 23 सितंबर को धीरज पंवार उर्फ लल्लू को क्लेमेंटटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी करीब 12 साल पहले काजल से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित पत्नी के मायके में रह रहा था। पिछले करीब एक साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, पिछले तीन माह से पत्नी उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से भी मिलने नहीं दे रही थी। करीब एक माह पहले उसे पत्नी द्वारा तलाक की तैयारी किए जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा। घटना से एक रात पहले वह सहारनपुर से देहरादून पहुंचा और घटनास्थल के पास निर्माणाधीन भवन में छिपकर मौका तलाशता रहा। सुबह उसने घर में लगे टीन के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बिस्तर पर सो रही पत्नी पर दो फायर किए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button