
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाने लगी है और मंगलवार से प्रदेशभर में गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी अनुमान जताया गया है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
साथ ही 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
मैदानी और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों का हाल
अन्य पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बदलाव का असर मैदान से लेकर पहाड़ तक के तापमान पर पड़ेगा। शेष पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान की आशंका है।
तीन से पांच डिग्री तक गिरेगा तापमान
बीते 24 घंटों में मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो सोमवार को घटकर 37.9 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में प्रदेशभर में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
देहरादून का पूर्वानुमान
28 अप्रैल को राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। यहां बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार तीन मई तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है।



