उत्तराखंड

उत्तराखंड में 27 जून तक बारिश का दौर, 11 पहाड़ी जिलों में बरसेंगे बादल; हरिद्वार-ऊधमसिंह नगर में मौसम रहेगा शुष्क

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ मौसम विभाग ने 27 जून तक का ताज़ा पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 22 जून से 27 जून तक राज्य के 11 पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विभाग ने 22 और 23 जून के लिए राज्य के आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक सोमवार 22 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा और चंपावत में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं।

23 जून को भी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

मंगलवार 23 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

24 जून से सभी पहाड़ी जिलों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 24 जून को राज्य के सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की भी संभावना है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम सामान्य बना रहेगा।

25 से 27 जून तक ऐसा रहेगा मौसम

25, 26 और 27 जून को भी प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेषकर भूस्खलन संभावित इलाकों में सावधानी बरतने को कहा गया है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है, ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड पर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button