तेज रफ्तार डंपर ने ली युवक की जान, पिता जिंदगी की जंग लड़ रहे।

बिजनौर – ( नगीना ) एलआरएस गर्ल डिग्री कॉलेज के पास शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।पुलिस के अनुसार ग्राम गढ़ जलपुर निवासी 20 वर्षीय आदित्य अपने पिता जय प्रकाश के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान एक तेज गति से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल जय प्रकाश को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन लोगों ने उसका पीछा किया और घटना का वीडियो भी बना लिया। बाद में पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर को अपने कब्जे में ले लिया।युवक की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भी रोष व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।



