उत्तर प्रदेशअपराध

स्कूल के बाहर प्रधानाध्यापक की गोली मारकर हत्या, आरोपी हथियारों समेत थाने पहुंचा। 

बिजनौर ( नजीबाबाद ) – प्राप्त जानकारी के अनुसार सौपुरी प्राथमिक विद्यालय में छुट्टी के बाद अधिकांश बच्चे घर जा चुके थे। इसी दौरान मुख्य अध्यापक नौशाद अहमद स्कूल से बाहर सड़क की ओर आए। आरोप है कि गांव पुननपुर निवासी गौरव राठी ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से नौशाद गंभीर रूप से घायल होकर स्कूल की ओर पहुंचे। घटना के समय विद्यालय में मौजूद शिक्षिका तरुणा चौरसिया ने घायल प्रधानाध्यापक को संभाला। उन्होंने तत्काल ई-रिक्शा की व्यवस्था कर उन्हें नजीबाबाद के निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। ऋषिकेश एम्स पहुंचने पर उनकी मौत हो गई। वारदात के कुछ देर बाद आरोपी गौरव राठी बाइक से नजीबाबाद थाने पहुंचा। पुलिस के अनुसार उसने वहां अपने पास मौजूद दो तमंचे पुलिसकर्मियों के सामने रख दिए। पूछताछ में आरोपी ने हत्या के पीछे एक आरोप लगाया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों हथियार कब्जे में लेकर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी। नौशाद अहमद की उम्र करीब 43 वर्ष बताई गई है। वह शिक्षण कार्य के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। पुलिस हत्या के पीछे प्रॉपर्टी अथवा लेनदेन से जुड़े विवाद सहित अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस घटनास्थल से लेकर थाने तक की परिस्थितियों और आरोपी के बयानों को भी जांच का हिस्सा बना रही है। एसपी केके बिश्नोई के अनुसार आरोपी को हिरासत में लेकर उसके बयान की जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button