स्मार्ट मीटर नहीं लगाने पर कटेगा बिजली कनेक्शन, ऊर्जा निगम ने भेजने शुरू किए नोटिस

हल्द्वानी: उत्तराखंड में स्मार्ट मीटर को लेकर ऊर्जा निगम ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। केंद्र सरकार के गजट नोटिफिकेशन के आधार पर अब घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य किया जा रहा है। निगम ने मीटर बदलने का विरोध कर रहे उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। नोटिस में 48 घंटे के भीतर स्मार्ट मीटर लगवाने की चेतावनी दी गई है। निर्धारित समय में मीटर नहीं बदलने पर बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
48 घंटे की मोहलत, फिर कटेगा कनेक्शन
ऊर्जा निगम के अनुसार अप्रैल 2026 में केंद्र सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के तहत जिन क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध है, वहां स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य है। इसी आधार पर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि तय समय सीमा के बाद भी सहयोग नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जाएगी।
विरोध के चलते धीमी हुई मीटर बदलने की प्रक्रिया
प्रदेश में पुराने बिजली मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने का अभियान चल रहा है, लेकिन कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं के विरोध के कारण इसकी गति प्रभावित हुई है। कई जगह मीटर बदलने पहुंचे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी सामने आई है।
स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में नाराजगी
बमोरी मल्ली के पार्षद मुकुल बल्यूटिया ने आरोप लगाया कि सरकारी सेवाओं को निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया के तहत लोगों पर स्मार्ट मीटर थोपे जा रहे हैं। उनका कहना है कि निजी कंपनियों के मीटर लगाने के लिए उपभोक्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है।
वहीं ग्राम प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष गोपाल अधिकारी ने कहा कि जब तक स्मार्ट मीटर से जुड़ी सभी शंकाओं और समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक इसका विरोध जारी रहेगा। संगठन ने इस संबंध में सामूहिक प्रस्ताव भी पारित किया है।
कांग्रेस युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं को अपेक्षा से अधिक बिजली बिल मिल रहे हैं। ऐसे में विभाग की एकतरफा कार्रवाई का विरोध किया जाएगा।
पुलिस और प्रशासन से मांगी सुरक्षा
ऊर्जा निगम ने स्मार्ट मीटर बदलने के दौरान संभावित विवादों को देखते हुए प्रशासन और पुलिस से सहयोग मांगा है। विभाग का कहना है कि कई स्थानों पर कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर खतरे की स्थिति बनी हुई है।
सुभाष नगर में आज चलेगा विशेष अभियान
अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि बुधवार को सुभाष नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पुराने और खराब मीटर बदले जाएंगे, साथ ही विरोध करने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस भी दिए जाएंगे। विभाग ने लोगों से सहयोग करने और स्मार्ट मीटर लगाने में बाधा न डालने की अपील की है।



