मंगलौर में सियासी तकरार तेज, खड़गे के दौरे के बाद ‘शुद्धिकरण हवन’ पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला

रुड़की। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आगमन के बाद भाजपा की ओर से कथित तौर पर कराए गए शुद्धिकरण हवन को लेकर कांग्रेस का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। अब मंगलौर में भी यह मुद्दा राजनीतिक रूप से गरमा गया है। रविवार को कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन के नेतृत्व में दलित समाज के लोगों के साथ बड़ी जनसभा आयोजित की गई, जिसमें भाजपा पर जमकर निशाना साधा गया।
जनसभा में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्तओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान कई लोगों के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का दावा भी किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने और भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।
मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने भाजपा पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में भी छुआछूत जैसे मामलों का सामने आना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि दलित और मुस्लिम समाज ऐसी घटनाओं को कभी स्वीकार नहीं करेगा।
वहीं, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने एसआईआर के मुद्दे को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर दलित और मुस्लिम समाज के लोगों को एसआईआर के नाम पर परेशान किया जा रहा है।
जनसभा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई को तेज करने और आगामी चुनाव में उसे सत्ता से बाहर करने का संकल्प भी दोहराया।



