हर्रावाला में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के शटर में बंद आरटीओ इंस्पेक्टर, रिश्वत के आरोप में वीडियो वायरल

देहरादून। हर्रावाला क्षेत्र में सोमवार को उस समय हंगामा मच गया जब परिवहन विभाग के एक इंस्पेक्टर को कथित तौर पर रिश्वत लेने के आरोप में स्थानीय लोगों ने एक दुकान के अंदर बंद कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर पर आरोप है कि वह हर्रावाला क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से हर महीने कथित रूप से अवैध वसूली करता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा था।
सोमवार को जब इंस्पेक्टर वसूली के लिए पहुंचा, तो लोगों ने उसे पकड़कर एक दुकान का शटर गिरा दिया और करीब दो घंटे तक उसे अंदर ही बंधक बनाए रखा। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर दुकान के अंदर बैठा नजर आ रहा है, जबकि बाहर लोगों की भीड़ विरोध करती दिखाई दे रही है। इसी दौरान लोगों ने एक पोस्टर भी लगाया, जिसमें लिखा था— “मैं देहरादून आरटीओ हूं, बिना पैसे लिए गाड़ियां नहीं चलने दूंगा।”
करीब दो घंटे बाद स्थानीय लोगों ने इंस्पेक्टर को शटर से बाहर निकाला, लेकिन इसके बाद भी उसे मौके से जाने नहीं दिया गया।
मामले पर आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने कहा कि परिवहन सचिव द्वारा इंस्पेक्टर को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं और मंगलवार को उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।



