उत्तराखंड

चारधाम यात्रा मार्गों पर भारी बारिश का खतरा, प्रशासन अलर्ट मोड में

उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम बिगड़ने लगा है। राजधानी देहरादून में मंगलवार सुबह तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ, हालांकि इससे तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली।

मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को राज्य के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और खराब मौसम की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने विशेष रूप से केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा मार्गों पर यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 19 अप्रैल से 10 मई 2026 के बीच करीब 10.5 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जिसके चलते यात्रा मार्गों और पड़ावों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

खराब मौसम को देखते हुए राज्य सरकार और प्रशासन हाई अलर्ट पर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, ट्रैफिक और आपदा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। वहीं डीजीपी ने निगरानी के लिए 6 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।

हेलीकॉप्टर सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है, ऐसे में प्रशासन द्वारा रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम अपडेट देखकर ही यात्रा करें और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें।

देहरादून में मंगलवार को हुई बारिश के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button