उत्तराखंड

हल्द्वानी में शादी समारोह में दलित युवकों की पिटाई, चार हिरासत में

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र के देवला मल्ला गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे चला रहे दो दलित भाइयों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि पानी पीने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उनके साथ जातिसूचक टिप्पणियां की गईं और बेरहमी से पीटा गया।

देवला मल्ला निवासी बीडीसी सदस्य पति उमेश चंद टम्टा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 मई को गांव में एक शादी थी, जहां उनका भाई शुभम टम्टा डीजे चला रहा था। उमेश और उनका साला भी कार्यक्रम में सहयोग कर रहे थे।

आरोप है कि रात में शुभम को प्यास लगी तो वह पास में रखे बर्तन से पानी पीने लगा। इसी दौरान कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। बात बढ़ने पर आठ-दस लोगों ने शुभम के साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं। शुभम को गंभीर चोटें आईं और उसका उपचार एसटीएच में चल रहा है।

उमेश का आरोप है कि जब वह मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई और सिर पर चाकू से वार किया गया।

एसओ विमल मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर मिल चुकी है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button