उत्तराखंड

देहरादून में घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, पति हिरासत में; पाटल से गले पर किया वार

देहरादून। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने ही पाटल से पत्नी के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं आरोपी पति रामजी लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार रामजी लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है। वह करीब तीन महीने पहले काम की तलाश में पत्नी और तीन बच्चों के साथ देहरादून आया था। करीब दस दिन पहले ही परिवार ने डालनवाला क्षेत्र की मोहनी रोड पर किराये पर कमरा लिया था। पति-पत्नी दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह रामजी लाल काम पर नहीं गया था। इसको लेकर पत्नी ने उसे काम पर जाने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में रामजी लाल ने पाटल से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू की। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

मृतका की बहन सोनू पाल के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले किसी तरह के तनाव या मारपीट की जानकारी नहीं थी। हालांकि, उन्होंने बताया कि रामजी लाल नशे का आदी था और घटना के समय भी उसके नशे में होने की बात सामने आई है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button