हरिद्वार में धामी कैबिनेट की पहली बैठक, 13 प्रस्तावों पर लगी मुहर; सेवामुक्त अग्निवीरों को भी मिली मंजूरी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण सभागार में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास, स्वास्थ्य, आवास, प्रशासनिक सुधार और युवाओं से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच जाकर लेना है।
कैबिनेट बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में प्रस्तुत सभी 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती संबंधी नई नियमावली, उत्तराखंड जन विश्वास संशोधन विधेयक-2026 और उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक-2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की मंजूरी शामिल है।
ऋषिकुल मैदान में बनेगा मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान
कैबिनेट ने हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी के गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। संस्थान में भारतीय योग, ध्यान और ज्योतिष सहित आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इसके अलावा उत्तराखंड निवेश और आधारिक संरचना विकास से संबंधित अधिनियम की अनुसूची में संशोधन, उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली-2026 तथा राज्य की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र को आहूत करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
आवास, जल एवं स्वच्छता से जुड़े फैसले
कैबिनेट ने स्वजल एवं राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के 215 पदों की निरंतरता को मंजूरी दी। हरिद्वार में किफायती आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग की चौड़ाई में शिथिलता देने और ऊधम सिंह नगर में भू-उपयोग परिवर्तन संबंधी शासनादेश में खसरा संख्या की त्रुटि सुधारने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके साथ ही संस्कृति विभाग में वित्तीय अधिकारों से संबंधित व्यवस्था में संशोधन और मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को भी मंजूरी दी गई।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर दी शुभकामनाएं
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर आरती की तथा प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए भी प्रार्थना की।
बैठक में उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही राज्य की पर्वतीय, सीमावर्ती और सामरिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी विकास कार्यों के लिए केंद्र से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई गई।



