हरिद्वार में पत्नी से अनबन के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस-एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के गैस प्लांट के पास पत्नी से अनबन के चलते एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमों ने उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किए।
पुलिस से बातचीत में युवक ने अपना नाम विशाल राम बताया। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बनारस का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, विशाल गुजरात में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। दोनों के बीच विवाद होने के बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर उत्तर प्रदेश के बड़ौत चली गई थी।
बताया गया कि पत्नी के बड़ौत में रहने की जानकारी मिलने पर विशाल वहां भी पहुंचा था और मोबाइल टावर पर चढ़कर पत्नी से बात करने की जिद करने लगा था। उस दौरान पुलिस ने उसकी पत्नी से फोन पर बात कराई, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतर गया। पुलिस के अनुसार, विशाल अपनी पत्नी को साथ ले जाना चाहता था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद उसकी पत्नी बड़ौत से कहीं और चली गई।
इसी बीच विशाल को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रह रही है। इसके बाद वह हरिद्वार पहुंचा और गैस प्लांट के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की मांग है कि उसकी पत्नी को मौके पर बुलाया जाए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर पता कर संपर्क किया तो जानकारी मिली कि वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में है। पुलिस ने पत्नी से बातचीत कराने का प्रयास किया, लेकिन युवक उसे मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा रहा।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी के अनुसार, युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। पुलिस लगातार युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास कर रही है।



