वीकेंड पर देहरादून-मसूरी-ऋषिकेश रूट पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, 130 पुलिसकर्मी तैनात

देहरादून। वीकेंड के दौरान मसूरी, ऋषिकेश, चकराता और देहरादून में बढ़ने वाली पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए देहरादून पुलिस ने 16 और 17 मई 2026 के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आशारोड़ी से मसूरी और डोईवाला तक के मार्ग को 4 सुपर जोन, 10 जोन और 19 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तैयार इस प्लान के तहत कुल 130 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। साथ ही मसूरी, देहरादून शहर और मसूरी मार्ग की निगरानी के लिए दो ड्रोन टीमों को भी लगाया गया है।
पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर डायवर्जन प्लान भी लागू किया जाएगा।
दिल्ली, हरियाणा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और रुड़की से मसूरी व चकराता जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। वहीं ऋषिकेश और हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
मसूरी क्षेत्र में पार्किंग क्षमता 90 प्रतिशत भरने पर प्लान-बी लागू किया जाएगा, जिसके तहत पर्यटकों के वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में खड़ा कर लोकल टैक्सी से आगे भेजा जाएगा। पार्किंग फुल होने की स्थिति में प्लान-सी लागू करते हुए वाहनों को हाथीपांव और जीरो प्वाइंट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
ऋषिकेश क्षेत्र में भी ट्रैफिक दबाव के अनुसार प्लान-A, B और C लागू किए जाएंगे। भारी वाहनों को आवश्यकतानुसार नेपाली फार्म से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं मुनिकीरेती-ऋषिकेश मार्ग पर जरूरत पड़ने पर वन-वे व्यवस्था भी लागू होगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, नो पार्किंग में वाहन खड़े न करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें और यात्रा से पहले रूट प्लान की जानकारी अवश्य लें।



