उत्तराखंडधर्म

अक्षय तृतीया पर खुलेंगे गंगोत्री धाम के कपाट, 19 अप्रैल से शुरू होंगे दर्शन, तैयारियां हुई तेज

उत्तरकाशी: नवरात्र के पावन अवसर पर गंगोत्री मंदिर समिति ने गंगोत्री धाम के कपाट खोलने की तिथि घोषित कर दी है। समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल के अनुसार, अक्षय तृतीया के दिन 19 अप्रैल को शुभ लाभ बेला में दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

कपाट खुलने से पहले पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत 18 अप्रैल को मां गंगा की भोगमूर्ति की डोली उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। यह डोली सेना के बैंड, ढोल-दमाऊ और भक्तों की मौजूदगी में दोपहर 12:15 बजे प्रस्थान करेगी।

डोली यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में किया जाएगा। इसके बाद 19 अप्रैल की सुबह 7 बजे डोली पुनः गंगोत्री धाम के लिए पैदल रवाना होगी। धाम पहुंचने पर विधि-विधान के साथ कपाट खोलने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद अगले छह माह तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।

चारधाम यात्रा को लेकर विशेष प्रबंध

समिति के उपाध्यक्ष अरुण सेमवाल ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में गैर सनातनी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी। इसके साथ ही यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा की औपचारिक शुरुआत भी मानी जाती है, जिसके लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button