उत्तराखंड

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी को दी श्रद्धांजलि, दूसरे दिन बैठकों का दौर जारी

देहरादून: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इसके बाद वह राजपुर रोड स्थित होटल पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न बैठकों का दौर शुरू हुआ।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सबसे पहले भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की। इसके बाद दोपहर दो बजे से प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा का कार्यक्रम तय किया गया। शाम चार बजे से महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों, नगर पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।

 

शाम के समय राष्ट्रीय अध्यक्ष मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ भी बैठक करेंगे। इसके बाद वे ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचकर गंगा आरती में शामिल होंगे और संतों के साथ संवाद करेंगे।

 

2027 चुनाव को लेकर मंथन

 

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश कोर कमेटी और मंत्रियों की बैठक भी ली थी। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की रणनीति पर चर्चा हुई। साथ ही सरकार के पिछले चार वर्षों में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों और विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

 

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

 

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा और पारंपरिक स्वागत किया।

 

हिमालयन अस्पताल चौक, कैलाश हॉस्पिटल, रिस्पना पुल, चंचल डेयरी और फव्वारा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर महिला और युवा कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। भाजपा नेताओं ने इसे कार्यकर्ताओं के उत्साह और पार्टी के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से उत्तराखंड भाजपा संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और सरकार की विकास योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प और मजबूत होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button