बदरीनाथ धाम चढ़ावा विवाद: BKTC कर्मी प्रमोद नौटियाल पर FIR, पुलिस जांच शुरू

चमोली: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की धनराशि में कथित अनियमितताओं का मामला अब कानूनी जांच के दायरे में पहुंच गया है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल के खिलाफ बदरीनाथ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले बीकेटीसी उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच भी शुरू कर चुकी है।
बीकेटीसी की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण की लिखित शिकायत के आधार पर 8 जुलाई 2026 को थाना बदरीनाथ में एफआईआर संख्या-0006 दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 306 और 316(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आईं अनियमितताएं
बीकेटीसी के अनुसार 2 जुलाई को सोशल मीडिया पर चढ़ावे की धनराशि में कथित गड़बड़ी की सूचना सामने आने के बाद तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। प्रारंभिक जांच में आरोप लगाया गया कि संबंधित कर्मचारी ने सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच मंदिर की धनराशि कथित रूप से अनधिकृत तरीके से उठाई थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।
पहले निलंबन, अब पुलिस जांच
प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर 7 जुलाई को प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। समिति का कहना था कि उन्हें पद पर बनाए रखने से निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है। इसके बाद मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी गई, जिसके आधार पर अब आपराधिक जांच शुरू हो गई है।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
मामले को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार और मंदिर समिति पर निशाना साध रही है। बदरीनाथ विधानसभा से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने 7 जुलाई को बदरीनाथ में एक घंटे का मौन व्रत रखकर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को निलंबित करने की मांग की थी। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे और दान की धनराशि में कथित हेरफेर के आरोप हिंदूवादी संगठन भैरव सेना ने लगाए थे। आरोपों के बाद बीकेटीसी ने प्रमोद नौटियाल को निलंबित किया और गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में चार सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई। जांच टीम सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।



