उत्तराखंड

मसूरी-देहरादून मार्ग पर अचानक भूस्खलन, सड़क पर गिरे भारी बोल्डर; यातायात रोका

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड और मैगी प्वाइंट के बीच बुधवार शाम अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया। भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरने से मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि मलबे और बोल्डर की चपेट में कोई वाहन या व्यक्ति नहीं आया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। उस समय मार्ग से वाहन गुजर रहे थे। सड़क पर बड़े बोल्डर गिरते देख वाहन चालकों ने किसी तरह अपने वाहनों को रोका और पीछे हटे। एक कार और दो स्कूटी सवार भी हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

भूस्खलन के बाद भी पहाड़ी से लगातार छोटे-बड़े पत्थर और मलबा गिरता रहा। सुरक्षा को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने फिलहाल भूस्खलन वाले स्थान से वाहनों की आवाजाही रोक दी। इसके बाद विभाग की जेसीबी मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे मलबे व बोल्डरों को हटाने का काम शुरू किया।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अचानक पहाड़ी दरकने से सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर आ गए हैं। जेसीबी की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। साथ ही पहाड़ी की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि जब तक पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने का खतरा कम नहीं हो जाता, तब तक यातायात को सामान्य नहीं किया जाएगा। सड़क को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही वाहनों की आवाजाही सुचारु की जाएगी। फिलहाल मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है, जिससे यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button