उत्तराखंड

नैनीताल में हरेला पखवाड़ा शुरू, पारंपरिक रीति से बोया गया हरेला, 19 जुलाई को होगी कुमाऊंनी नृत्य प्रतियोगिता

निमिफल : उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक लोकपर्व हरेला के अवसर पर नैनीताल में लेक सिटी वेलफेयर क्लब द्वारा संस्कृति विभाग के सहयोग से हरेला पखवाड़ा का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत और विधायक सरिता आर्या ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान क्लब की महिलाओं ने सात प्रकार के अनाज सूखी मिट्टी में बोकर हरेला पर्व की परंपरा का निर्वहन किया। वक्ताओं ने कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश देने वाला पर्व है।

आईजी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि हरेला हमें प्रकृति के संरक्षण के साथ अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। वहीं, सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने क्लब की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं।

विधायक सरिता आर्या ने कहा कि लेक सिटी वेलफेयर क्लब पिछले 17 वर्षों से हरेला जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहा है।

कुमाऊंनी झोड़े ने मोहा मन

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में क्लब की महिलाओं ने पारंपरिक कुमाऊंनी झोड़े प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। “खोल दे माता खोल भवानी, धार में किवाड़ा” और “दैणा होया खोली का गणेशा” जैसी प्रस्तुतियों को लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम संयोजक गीता साह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

19 जुलाई को होगी कुमाऊंनी नृत्य प्रतियोगिता

हरेला कार्यक्रम की संयोजक डॉ. प्रगति जैन ने बताया कि 19 जुलाई को हरेला पर्व के उपलक्ष्य में कुमाऊंनी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष कविता त्रिपाठी, सचिव डॉ. प्रगति जैन, कार्यक्रम संयोजक गीता साह सहित क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button