उत्तराखंड

कुंभ मेले की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश, मजदूरों की कमी दूर करने के लिए बनेगी वैकल्पिक व्यवस्था

हरिद्वार। हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने की कवायद शुरू कर दी है। त्योहारी सीजन में श्रमिकों के अपने घर लौटने से निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को पहले से वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजदूरों की कमी के कारण सड़कों, पुलों और घाटों समेत किसी भी निर्माण कार्य में देरी नहीं होनी चाहिए।

शुक्रवार शाम मेला नियंत्रण भवन के सीसीआर सभागार में गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समिति की बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही प्रस्तावित कार्यों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि वे श्रमिकों की उपलब्धता का पहले से आकलन करें और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मजदूरों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए मशीनरी और निर्माण सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता भी बनाए रखी जाए।

जरूरत पड़ने पर दिन-रात चलेंगे निर्माण कार्य

कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए जरूरत के अनुसार दिन और रात की शिफ्ट में काम कराने पर जोर दिया गया। मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेले की तैयारियों से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे किए जाएं।

प्रशासन का जोर है कि श्रमिकों की संभावित कमी का असर कुंभ मेले की तैयारियों पर न पड़े। इसके लिए कार्यदायी संस्थाओं को समय रहते आवश्यक संसाधन जुटाने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button