उत्तराखंड

हरिद्वार में भीषण ओलावृष्टि से टूटी गाड़ियों की विंडशील्ड, रामनगर में सड़क पर गिरा विशाल पेड़

हरिद्वार/रामनगर। उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। हरिद्वार के रोशनाबाद और रावली क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि से अफरा-तफरी मच गई। आसमान से बड़े-बड़े ओले गिरने के कारण लोग खुद को बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। ओलों की मार से कई वाहनों के शीशे टूटने की सूचना है। वहीं, रामनगर में बारिश के दौरान कानिया चौराहे पर एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। इसकी चपेट में बैंक के बाहर खड़ी स्कूटी और फल का ठेला आ गया। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हरिद्वार में अचानक बदले मौसम के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान रोशनाबाद और रावली में भारी ओलावृष्टि हुई। बड़े आकार के ओले गिरते देख सड़क पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग ओलों से बचने के लिए इधर-उधर भागते और सुरक्षित जगहों पर शरण लेते नजर आए। ओलावृष्टि के कारण कई गाड़ियों के शीशे टूटने की सूचना सामने आई है।

अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन भी प्रभावित हुआ। सड़कों पर आवाजाही कर रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। ओलावृष्टि के दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

उधर, रामनगर में बारिश के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कानिया चौराहे पर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के पास अचानक एक विशाल पेड़ भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ का भारी तना बैंक के बाहर खड़ी एक स्कूटी पर गिरा, जबकि पास में लगा फल का ठेला भी इसकी चपेट में आ गया।

बताया गया कि फल ठेला संचालक ने पेड़ को गिरते देख तुरंत वहां से हटकर अपनी जान बचा ली। यदि वह समय रहते नहीं हटता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल करने की कार्रवाई की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button