बाजपुर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, CM धामी ने मोड़ा हेलीकॉप्टर का रुख; किसानों से की मुलाकात

बाजपुर/ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार को हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की मुश्किलें बढ़ गईं। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्र का रुख किया। हल्द्वानी से देहरादून लौटते समय मुख्यमंत्री ने अपने हेलीकॉप्टर का मार्ग बदलकर बाजपुर की ओर जाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री धामी बाजपुर में उतरे और प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान और उनकी आर्थिक परेशानियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन करने के साथ ही प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।
धामी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की अनावश्यक देरी न हो। पूरी प्रक्रिया संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ पूरी की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बाद अब प्रभावित किसानों की निगाहें प्रशासन के सर्वेक्षण और राहत प्रक्रिया पर टिकी हैं। नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।



