उत्तराखंड

उत्तराखंड में पांच IFS अधिकारियों के तबादले, नरेश कुमार समेत कई अफसरों की जिम्मेदारी बदली

देहरादून। उत्तराखंड के वन विभाग में भारतीय वन सेवा (IFS) के पांच अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। अगस्त में हुए बड़े फेरबदल के बाद करीब एक महीने के भीतर शासन ने एक बार फिर अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। तबादला सूची में नरेश कुमार, दीपक कुमार, राहुल मिश्रा, आदित्य रत्न और शिरीन संजय के नाम शामिल हैं। शासन की ओर से इन बदलावों के पीछे प्रशासनिक आवश्यकताओं, जनहित, पारिवारिक परिस्थितियों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कारण बताए गए हैं।

IFS अधिकारी नरेश कुमार की मुख्य तैनाती अब प्रशासन में की गई है। साथ ही उन्हें जायका परियोजना का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले उनके पास जायका परियोजना की मुख्य जिम्मेदारी थी। शासन के अनुसार, परियोजना का पहला चरण पूरा होने के बाद यह बदलाव किया गया है, ताकि अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (APCCF) का वेतन विभाग से ही जारी किया जा सके।

तराई पूर्वी वन प्रभाग में तैनात DFO दीपक कुमार को पिथौरागढ़ भेजा गया है। उनके स्थानांतरण के पीछे अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता, प्रशासनिक आवश्यकताओं और उनके कार्य अनुभव को आधार बताया गया है। इसी क्रम में राहुल मिश्रा को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक पद से हटाकर तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने उनके तबादले के पीछे जनहित और विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन का हवाला दिया है।

वहीं, IFS अधिकारी आदित्य रत्न को पिथौरागढ़ से स्थानांतरित कर हल्द्वानी में उपवन संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। बताया गया है कि उन्होंने पारिवारिक परिस्थितियों के चलते स्थानांतरण का अनुरोध किया था, जिसके आधार पर शासन ने उनकी तैनाती में बदलाव किया।

इसके अलावा शिरीन संजय को राजाजी राष्ट्रीय पार्क के उपनिदेशक पद से हटाकर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का उपनिदेशक बनाया गया है। उनके स्थानांतरण के पीछे कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का महत्व, क्षेत्र की संवेदनशीलता, वन्यजीव संरक्षण और प्रशासनिक कार्यों के प्रभावी संचालन को प्रमुख वजह बताया गया है।

अगस्त में हुए बड़े फेरबदल के बाद वन विभाग में एक बार फिर किए गए इन तबादलों से वन प्रभागों और टाइगर रिजर्व के प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। अब संबंधित अधिकारी अपनी नई तैनाती के अनुसार विभागीय कार्यभार संभालेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button