उत्तराखंड

देहरादून में दरगाह में तोड़फोड़ और खादिम से मारपीट का आरोप, बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं समेत 25 के खिलाफ मुकदमा

देहरादून। डालनवाला क्षेत्र के रेंजर्स ग्राउंड स्थित दरगाह बाबा जमात शाह में कथित तौर पर तोड़फोड़ और खादिम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, दरगाह परिसर में जबरन घुसकर मजार को क्षतिग्रस्त किया गया और बुजुर्ग खादिम को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं को नामजद करते हुए 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, दरगाह के खादिम मकसूद अहमद ने इस संबंध में शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को बजरंग दल के अमन स्वेडिया और सिद्धार्थ बड़ोनी अपने 20 से 25 साथियों के साथ दरगाह परिसर में पहुंचे। आरोप है कि उनके पास हथौड़े, लाठी और डंडे थे और उन्होंने जबरन परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस दौरान मजार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आरोप यह भी है कि बुजुर्ग खादिम को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत में जानबूझकर क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अमन स्वेडिया और सिद्धार्थ बड़ोनी को नामजद करते हुए 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button