डबल मर्डर से मचा हड़कंप, घटनास्थल पर पहुंचे डीआईजी और एसपी।

बिजनौर – जिले में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मुनिराज और बिजनौर के एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीआईजी ने घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से वारदात की जानकारी ली और जांच की प्रगति के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने फोरेंसिक टीम से भी साक्ष्य जुटाने की जानकारी ली। अधिकारियों को हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच करते हुए जल्द आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि मामले के पर्दाफाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। टीमों को अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



