रेलवे ट्रैक पर गिरा विशाल पेड़, हरिद्वार-देहरादून-ऋषिकेश रेलमार्ग बाधित, अस्थायी रूप से रुकी आवाजाही

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में शनिवार को तेज बारिश के दौरान भीमगोड़ा कुंड के पास रेलवे ट्रैक पर एक विशालकाय पेड़ गिरने से हरिद्वार-देहरादून-ऋषिकेश रेलमार्ग बाधित हो गया। पेड़ की चपेट में हाईटेंशन बिजली लाइन भी आ गई, जिससे रेल संचालन प्रभावित हो गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने प्रभावित रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी।
लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना के समय एक ट्रेन प्रभावित रेलखंड की ओर बढ़ रही थी। लोको पायलट ने समय रहते स्थिति को भांपते हुए ट्रेन रोक दी, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
कई ट्रेनें प्रभावित
रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाली करीब आधा दर्जन ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया, जबकि कई ट्रेनों के संचालन में देरी हुई। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित होने तक रेल यातायात रोकने का निर्णय लिया।
युद्धस्तर पर चल रहा राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित करने के बाद पेड़ को काटकर ट्रैक से हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। रेलवे अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और ट्रैक को जल्द से जल्द साफ कर रेल संचालन सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रैक की पूरी तरह सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही रेल सेवाएं बहाल की जाएंगी।



