उत्तराखंड

देहरादून में भीषण अग्निकांड: दो मंजिला मकान जलकर राख, 12 मवेशियों की जिंदा जलने से मौत

विकासनगर: देहरादून जिले के कालसी तहसील क्षेत्र में देर रात भीषण अग्निकांड ने एक पशुपालक परिवार की पूरी आजीविका तबाह कर दी। ग्राम पंचायत भंजरा के मसोटी खेड़ा में स्थित दो मंजिला आवासीय भवन (छानी) में अचानक आग लगने से पूरा भवन जलकर राख हो गया। हादसे में घर के अंदर बंधे 12 मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि घरेलू सामान और पशुओं के लिए रखा चारा भी पूरी तरह नष्ट हो गया।

 

रात में लगी आग, ग्रामीणों ने बचाव का किया प्रयास

 

जानकारी के अनुसार, पशुपालक भोपालू पुत्र काडिया रोज की तरह पशुओं को चारा-पानी देने के बाद अपने गांव पजोटा लौट गए थे। देर रात अचानक उनकी छानी में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के साथ मवेशियों को बचाने का प्रयास किया।

 

12 मवेशियों की दर्दनाक मौत

 

ग्रामीणों की कोशिशों के बावजूद आग तेजी से फैल गई। केवल दो बैल और दो बकरियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। जबकि 8 बकरियां, एक भैंस, दो गाय और एक बछड़ा आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। आग में भवन के भीतर रखा घरेलू सामान और पशुओं का चारा भी पूरी तरह नष्ट हो गया।

 

परिवार को भारी आर्थिक नुकसान

 

इस हादसे से पशुपालक भोपालू को भारी आर्थिक क्षति हुई है। उनकी आजीविका का मुख्य साधन पशुपालन था, जो इस अग्निकांड में पूरी तरह समाप्त हो गया। घटना के बाद परिवार सदमे में है।

 

प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश

 

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा राणा ने राजस्व विभाग को अवगत कराया। पूर्व बीडीसी सदस्य एवं भाजपा नेता कांति राणा ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की। मामले की जानकारी जिलाधिकारी को भी दे दी गई है।

 

वहीं, तहसीलदार कालसी सुशीला कोठियाल ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के पटवारी को तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button