उत्तराखंड

हरिद्वार में लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, 80 का चालान, 12 बसें सीज

हरिद्वार: हरिद्वार जिले में मानकों के विपरीत संचालित हो रही लग्जरी बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान विभाग ने 80 बसों का चालान किया, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 12 बसों को सीज कर दिया। इसके अलावा 15 बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।

 

शिकायतों के बाद चला विशेष अभियान

 

परिवहन विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई लग्जरी स्लीपर बसें बिना निर्धारित बस स्टॉप के राष्ट्रीय राजमार्ग पर सवारियां भर रही हैं। इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा था। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।

 

परमिट, फिटनेस और सुरक्षा मानकों की हुई जांच

 

एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन ने बसों का तकनीकी निरीक्षण किया। जांच में परमिट की शर्तों, फिटनेस, संरचनात्मक सुरक्षा, तकनीकी मानकों और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। कई बसों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

 

एक बस में आगे-पीछे लगी थीं अलग-अलग नंबर प्लेट

 

अभियान के दौरान एक लग्जरी बस में आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगी मिली। एआरटीओ नेहा झा ने मौके पर बस चालक को फटकार लगाते हुए बस को सीज कर दिया। साथ ही चालक का चालान कर बस के फिटनेस प्रमाणपत्र को निरस्त करने की संस्तुति भी की गई।

 

यात्रियों की सुरक्षा से नहीं होगा समझौता

 

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों और वैधानिक नियमों के अनुरूप ही करें, ताकि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button