CM आवास के पास मंदिर में चोरी का खुलासा, शिवलिंग का चांदी का छत्र चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: राजधानी देहरादून के हाई सिक्योरिटी जोन में स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर से चांदी का छत्र चोरी करने वाले आरोपी को डालनवाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया चांदी का छत्र भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
यह चोरी 26 जून को दिलाराम बाजार स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में हुई थी, जहां दिनदहाड़े शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र चोरी कर लिया गया था। घटना ने इसलिए भी तूल पकड़ा क्योंकि मंदिर से करीब 400 मीटर की दूरी पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का सरकारी आवास स्थित है, जबकि राजभवन और मुख्यमंत्री आवास भी लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर हैं। हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में हुई इस चोरी के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
मंदिर के प्रबंधक अरविंद प्रसाद की शिकायत पर डालनवाला कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की।
लगातार जांच के बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नया गांव रोड, हाथीबड़कला क्षेत्र से आरोपी योगेश सेमवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया चांदी का छत्र भी बरामद किया गया।
नशे की लत पूरी करने के लिए की चोरी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



