सेवा अधिकारों की सुरक्षा को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन, डीएम के माध्यम से भेजा ज्ञापन।

बिजनौर – राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ प्राथमिक संवर्ग के बैनर तले शिक्षकों ने टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवा अधिकारों की सुरक्षा की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।जिलाध्यक्ष दिग्विजय सिंह और महामंत्री अमर सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में मंडलीय मंत्री रितेश भटनागर, महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष रुचिता सिंह, अटेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष चन्द्रहास, माध्यमिक संवर्ग के अध्यक्ष अनिल चौहान, मोहित शर्मा, डॉ. इन्द्रपाल, धर्मवीर सिंह, अरेंद्र कुमार तथा अरुण उपाध्याय सहित कई शिक्षकों ने भाग लिया।वक्ताओं ने कहा कि टीईटी को पूर्व प्रभाव से लागू करना न्यायसंगत नहीं है तथा लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के वरिष्ठता, पदोन्नति, पेंशन एवं अन्य वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए केंद्र और राज्य सरकार को स्पष्ट नीति बनानी चाहिए।धरना-प्रदर्शन में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे सैकड़ों शिक्षकों ने भाग लिया और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।



