उत्तराखंड

एक महीने में 8 लाख श्रद्धालु पहुंचे केदारनाथ, यात्रा ने तोड़े रिकॉर्ड

केदारनाथ : केदारनाथ यात्रा को एक माह पूरा हो चुका है और इस दौरान बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड सैलाब उमड़ा है। अब तक 8 लाख से अधिक तीर्थयात्री केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। वहीं एक लाख से अधिक वाहन भी केदारघाटी पहुंचे हैं। प्रशासन के अनुसार यात्रा में अब तक 65 फीसदी युवा और 35 फीसदी बुजुर्ग व अन्य श्रद्धालु शामिल रहे हैं।

22 अप्रैल को भगवान केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। पहले ही दिन करीब 38 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए थे। इसके बाद से लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ती रही और अप्रैल से मई तक धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

चारधामों में सबसे आगे केदारनाथ

चारधाम यात्रा में इस बार सबसे ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे हैं। 23 मई तक कुल 8,11,923 तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन का अनुमान है कि जून में स्कूलों की छुट्टियां शुरू होते ही यात्रियों की संख्या और तेजी से बढ़ेगी।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और बदरी-केदार मंदिर समिति विशेष तैयारियों में जुटी हुई है। भीड़ नियंत्रण और सुगम दर्शन व्यवस्था को लेकर लगातार बैठकें की जा रही हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और आने वाले दिनों में संख्या और बढ़ सकती है, जिसके लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

यात्रा के दौरान 39 श्रद्धालुओं की मौत

यात्रा के दौरान कई श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा है। ऊंचाई वाले क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी और ठंड के कारण कई यात्रियों की तबीयत बिगड़ी। अब तक विभिन्न कारणों से 39 यात्रियों की मौत हो चुकी है।

बीकेटीसी को 14.50 करोड़ की आय

एक महीने की यात्रा अवधि में बदरी-केदार मंदिर समिति को करीब 14 करोड़ 50 लाख रुपये की आय हुई है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए मंदिर समिति लगातार व्यवस्थाओं में जुटी हुई है। दिनभर में केदारनाथ मंदिर केवल 3 से 4 घंटे के लिए बंद किया जा रहा है, बाकी समय दर्शन जारी हैं।

हेलीकॉप्टर सेवा से 30 हजार से ज्यादा यात्रियों ने की यात्रा

केदारनाथ यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवाओं का भी बड़ी संख्या में उपयोग हो रहा है। आठ हेलीकॉप्टर कंपनियों के जरिए अब तक 30,925 यात्री केदारनाथ पहुंचे हैं, जबकि 30,822 श्रद्धालु वापस लौटे हैं। एक महीने में कुल 5,362 उड़ानें संचालित की गई हैं।

घोड़े-खच्चरों से 2.44 करोड़ की आय

मुख्य विकास अधिकारी आरएस रावत के अनुसार इस वर्ष यात्रा में 7,744 घोड़े-खच्चर पंजीकृत किए गए हैं। इनके माध्यम से अब तक 2 करोड़ 44 लाख 91 हजार रुपये की आय हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा अभी लंबी है और आने वाले दिनों में आय में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button