उत्तराखंड

हेमकुंड साहिब के कपाट आज खुलेंगे, पहली अरदास के साथ शुरू होगी तीर्थयात्रा

चमोली। हेमकुंड साहिब के कपाट आज विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के अवसर पर लगभग सात हजार श्रद्धालुओं के हेमकुंड साहिब पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

इससे पहले शुक्रवार को “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयघोष के बीच पंज प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालुओं का जत्था गोविंदघाट गुरुद्वारा से निशान साहिब के साथ हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुआ। रवाना होने से पूर्व गोविंदघाट गुरुद्वारे में गुरुवाणी का पाठ किया गया। श्रद्धालुओं का जत्था रात्रि विश्राम के लिए घांघरिया पहुंचा और शनिवार सुबह हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुआ।

गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह नौ बजे गुरुग्रंथ साहिब को पंज प्यारों की अगुवाई में सचखंड से दरबार साहिब में सुशोभित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे सुखमणी साहिब का पाठ होगा।

उन्होंने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट पर शबद कीर्तन आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे और पहली अरदास होगी। इसके बाद एक बजे हुक्मनामा लिया जाएगा। इसी के साथ वर्ष 2026 की हेमकुंड साहिब तीर्थयात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button